घने कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 22 ट्रेनें देरी से चल रहीं

पंजाब के कुछ भागों, उत्तरी हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू के कुछ हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने कहा है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्यप्रदेश और त्रिपुरा में भी घना कोहरा देखा गया। पश्चिमी मध्‍यप्रदेश, पश्चिमी राजस्थान और उत्तरी चंडीगढ़ में सामान्‍य कोहरा छाया रहा।

केन्‍द्र शासित प्रदेश जम्‍मू-कश्‍मीर के जम्‍मू, पंजाब में अमृतसर, पटियाला, अंबाला, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश के बरेली, और बिहार के पूर्णिया में आज सुबह साढ़े 5 बजे दृश्‍यता 25 मीटर थी। उत्तरी रेलवे ने जानकारी दी है कि घने कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 22 ट्रेनें देरी से चल रहीं। कल उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड के साथ कोहरा छाया रहा और राष्ट्रीय राजधानी के सफदरजंग में न्‍यूनतम तापमान आठ दशमलव नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।